अमेरिकी हमले से भड़का ईरान, कहा– सीमा लांघी तो जवाब होगा करारा

नई दिल्ली: मध्य-पूर्व में तनाव एक बार फिर तेज हो गया है। अमेरिका और इज़रायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में ईरान के कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया है। ईरानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, फारस की खाड़ी में स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खार्ग द्वीप पर भी कई हमले किए गए, जिसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा हालात और गंभीर हो गए हैं।

हमलों के बाद ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। आईआरजीसी का कहना है कि यदि अमेरिका ने आगे बढ़कर कार्रवाई की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं और स्थिति और ज्यादा भड़क सकती है।

इधर, बढ़ते खतरे को देखते हुए ईरान के प्रमुख शहर मशहद में एहतियातन रेल सेवाएं रोक दी गई हैं। प्रशासन के निर्देश पर केंद्रीय रेलवे स्टेशन से चलने वाली सभी ट्रेनों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

वहीं कोम शहर के बाहरी इलाके में भी मिसाइल हमले की खबर सामने आई है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, तेहरान के दक्षिणी हिस्से से जुड़े क्षेत्र में संचार नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण एक पुल को निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि यह पुल शहर के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित है और हमले के कारण वहां के ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

प्रशासन के अनुसार, हमले बेहद कम समय में किए गए और उसके तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। फिलहाल किसी बड़े स्तर पर जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *