नए साल की सुबह धमाके से दहला हिमाचल: नालागढ़ में थाने के पास विस्फोट, कई इमारतों को नुकसान

सोलन (हिमाचल प्रदेश): नए साल के पहले ही दिन हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में अचानक हुए एक तेज विस्फोट ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे नालागढ़ पुलिस थाना परिसर से सटी दीवार के पास धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। तेज धमाके से आसपास मौजूद लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पुलिस थाना परिसर के साथ-साथ पास की ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और मार्केट कमेटी भवन के कांच टूट गए। कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

धमाके की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया। किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचने के लिए घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह विस्फोट किसी शरारती हरकत का नतीजा है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश छिपी हुई है। एहतियातन नालागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फोरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके के कारणों, इस्तेमाल की गई सामग्री और जिम्मेदार लोगों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *