रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए धान खरीदी की अवधि दो दिन और बढ़ाने का फैसला किया है। किसानों की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निर्देश दिए हैं कि राज्य में अब 4 और 5 फरवरी को भी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी।
इस निर्णय के तहत वे सभी पंजीकृत किसान, जिनके टोकन पहले ही जारी हो चुके हैं, निर्धारित तिथियों पर अपने धान की बिक्री कर सकेंगे। सरकार का यह कदम उन किसानों के लिए खास राहत लेकर आया है, जो किसी कारणवश तय समय सीमा के भीतर धान नहीं बेच पाए थे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर 2025 से हुई थी और इसकी अंतिम तिथि पहले 31 जनवरी 2026 निर्धारित थी। अब अवधि बढ़ने से बचे हुए किसानों को भी अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा।
राज्य सरकार से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अब तक छत्तीसगढ़ में 25 लाख 11 हजार से अधिक किसानों से लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके बदले किसानों को करीब 33 हजार 149 करोड़ रुपये की राशि बैंक लिंकिंग प्रणाली के माध्यम से सीधे उनके खातों में अंतरित की गई है।
इस खरीफ सीजन में प्रदेश भर से 27 लाख से ज्यादा किसानों ने पंजीयन कराया था, जबकि 2,740 उपार्जन केंद्रों के जरिए धान की खरीदी की गई। धान खरीदी की अवधि बढ़ाए जाने के फैसले से किसानों में संतोष और खुशी का माहौल देखा जा रहा है।