अम्बिकापुर | सरगुजा संभाग में ग्रीष्म ऋतु के आगमन और बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। संभागीय संयुक्त संचालक (स्वास्थ्य सेवायें) डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने संभाग के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को पत्र जारी कर मौसमी बीमारियों और लू (Heatstroke) से निपटने हेतु पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
15 मार्च से लू चलने की संभावना:
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, सरगुजा संभाग में 15 मार्च के बाद भीषण गर्मी और लू चलने की प्रबल संभावना है। इसे देखते हुए डॉ. शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोपरि है। लू और जलजनित संक्रामक बीमारियों के प्रकोप को रोकने के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अस्पतालों के लिए प्रमुख निर्देश:
दवाइयों का भंडारण: सभी केंद्रों में लू और मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु आवश्यक औषधियों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश।
स्टाफ की उपस्थिति: अस्पतालों में चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
साफ-सफाई: स्वास्थ्य संस्थाओं और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
एम्बुलेंस अलर्ट मोड पर: आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस सेवाओं को 24×7 अलर्ट मोड पर रखने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आमजन के लिए जागरूकता और सावधानी
डॉ. शुक्ला ने निर्देशित किया है कि मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और अस्पताल प्रभारियों के मोबाइल नंबर अपडेट रखे जाएं ताकि प्रभावितों को समय पर उपचार मिल सके। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बाहरी श्रमिकों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। अस्पतालों में लू के लक्षण, बचाव के उपाय और प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।