दुर्ग : दुर्ग के नेवई थाना क्षेत्र अंतर्गत मैत्री गार्डन की पार्किंग में शुक्रवार शाम करीब 4:16 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही सूचक ने तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल की एक दमकल टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने पहुंचते ही साहस और तत्परता का परिचय देते हुए कार में लगी आग पर पानी की बौछार की और मात्र एक दमकल गाड़ी के पानी से आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।

अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास खड़ी अन्य कारों और बाइक तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस सफल कार्रवाई का नेतृत्व दल प्रभारी शरद मेश्राम ने किया। टीम में अग्निशमन कर्मचारी नागेश मारकंडे, डीवहार, राहुल और पवित्र शामिल रहे। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
अग्निशमन विभाग ने बताया कि समय पर पहुंचकर समन्वय के साथ काम करने के कारण एक बड़ी घटना होने से बच गई और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया।