नई दिल्ली : लगातार दो सत्रों की मजबूती के बाद मंगलवार को सोने और चांदी के दामों में तेज गिरावट देखने को मिली। घरेलू सर्राफा बाजार में सोना करीब 960 रुपये टूटकर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत में 2,640 रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 2.61 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती का असर कीमती धातुओं पर पड़ा है। डॉलर एक सप्ताह से ज्यादा के निचले स्तर से उबरता नजर आया, जिससे सोने-चांदी पर दबाव बना। इसके अलावा निवेशक इस सप्ताह जारी होने वाले अमेरिका के रोजगार आंकड़ों और महंगाई से जुड़े डेटा पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि इन्हीं संकेतों से ब्याज दरों की आगामी दिशा तय हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में कमजोरी देखी गई। स्पॉट गोल्ड लगभग 1 प्रतिशत फिसलकर 5,016 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा। इससे पहले डॉलर में नरमी के चलते पिछले सत्र में सोने में करीब 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई थी। गौर करने वाली बात है कि 29 जनवरी को सोना 5,594 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था।
अमेरिकी वायदा बाजार में अप्रैल डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स भी दबाव में रहे और करीब 0.8 प्रतिशत गिरकर 5,041 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड करते नजर आए।
चांदी की कीमतों में भी मुनाफावसूली हावी रही। स्पॉट सिल्वर करीब 2.5 प्रतिशत टूटकर 81 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई। इससे पहले चांदी में जबरदस्त तेजी देखी गई थी और पिछले सत्र में इसमें लगभग 7 प्रतिशत की उछाल आई थी। 29 जनवरी को चांदी ने 121 डॉलर प्रति औंस का ऐतिहासिक उच्च स्तर छुआ था।
घरेलू बाजार की बात करें तो एक दिन पहले ही सोने-चांदी में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। सोमवार को चांदी करीब 6.66 प्रतिशत उछलकर 2.72 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के दाम में 1,300 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी और यह 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एमसीएक्स पर भी सोमवार को मजबूत रुख देखने को मिला था। अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट के लिए एमसीएक्स गोल्ड करीब 1.89 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,58,394 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं मार्च कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 5.14 प्रतिशत की छलांग लगाकर 2,62,745 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बंद हुई थी।