सोने-चांदी की उछाल जारी, निवेशकों को मिले नए उच्चतम भाव

मुंबई। अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और फेडरल रिजर्व की संभावित ब्याज दर कटौती की खबरों के बीच मंगलवार को सोना और चांदी ने नए ऐतिहासिक उच्च स्तर छू लिए।

दिन के शुरुआती कारोबार में सोना 1,59,820 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गया, जो अब तक का उच्चतम स्तर है। वहीं चांदी ने 3,59,800 रुपए प्रति किलोग्राम का रिकॉर्ड स्थापित किया। हालांकि बाद में मुनाफावसूली के कारण कीमतों में मामूली गिरावट आई।

एमसीएक्स पर फरवरी कॉन्ट्रैक्ट वाला सोना 1.45 प्रतिशत या 2,270 रुपए की तेजी के साथ 1,58,307 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड हुआ। वहीं मार्च कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 4.84 प्रतिशत यानी 16,197 रुपए की तेजी के साथ 3,50,896 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर पर बने हुए हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका में सरकारी कामकाज बंद होने की आशंका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से 25 प्रतिशत नए टैरिफ की धमकियों ने निवेशकों को सुरक्षित विकल्प की ओर मोड़ दिया। दक्षिण कोरिया और कनाडा के साथ व्यापारिक विवादों ने भी वैश्विक बाजार की अनिश्चितता बढ़ाई।

विदेशी निवेशकों के लिए डॉलर की कमजोरी ने सोना और चांदी को और सस्ता कर दिया है। अमेरिका में अप्रैल डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव 5,113.70 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर पहुंच गए। वहीं कॉमेक्स चांदी 99 डॉलर के स्तर को पार कर नई ऊंचाई पर पहुंच गई।

मेहता इक्विटीज के कमोडिटी विशेषज्ञ राहुल कलंत्री के अनुसार, निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक और संभावित दर कटौती पर नजर बनाए हुए हैं। उनकी राय है कि सोने को 1,55,310 से 1,57,050 रुपए के बीच समर्थन मिल सकता है, जबकि ऊपर की ओर 1,59,850 और 1,62,950 रुपए रेजिस्टेंस स्तर हैं। चांदी के लिए 3,38,810 और 3,22,170 रुपए सपोर्ट तथा 3,55,810 और 3,62,470 रुपए रेजिस्टेंस के रूप में देखे जा रहे हैं।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले कुछ सत्रों में सोना 1,65,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3,65,000 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है। हालांकि, तेज उछाल के बाद निवेशक मुनाफावसूली कर सकते हैं, जिससे कीमतों में थोड़ी गिरावट या स्थिरता भी देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *