IDBI Bank recruitment : बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया (आईडीबीआई) ने बड़ा मौका दिया है। आईडीबीआई बैंक लिमिटेड ने जूनियर असिस्टेंट मैनेजर के 1100 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 19 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैंक की ओर से जारी सूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 8 मार्च से शुरू हो गई है। उम्मीदवार आईडीबीआई बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर सकते हैं।
जोन के अनुसार पदों का विवरण
आईडीबीआई बैंक ने विभिन्न जोन में कुल 1100 पदों पर भर्ती निकाली है। इनमें अहमदाबाद, चंडीगढ़ और चेन्नई के लिए 70-70 पद, बेंगलुरु के लिए 75, भोपाल, कोच्चि और पुणे में 55-55, भुवनेश्वर और नागपुर में 50-50 पद शामिल हैं। वहीं दिल्ली और मुंबई में 130-130 पद, गुवाहाटी में 35, हैदराबाद में 65, कोलकाता में 60, लखनऊ में 85 और पटना में 45 पदों पर भर्ती की जाएगी।
योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होना आवश्यक है। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1050 रुपये तथा एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये निर्धारित किया गया है।
चयन प्रक्रिया
इन पदों पर चयन ऑनलाइन टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, पर्सनल इंटरव्यू और प्री-रिक्रूटमेंट मेडिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। संभावित रूप से ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन 12 अप्रैल को सुबह की शिफ्ट में किया जा सकता है।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले आईडीबीआई बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद संबंधित भर्ती लिंक पर क्लिक कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें। आवश्यक दस्तावेज, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें। आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म को सबमिट कर दें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रख लें।