गोंडवाना कप टेनिस टूर्नामेंट-2026 का समापन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विजेताओं को किया सम्मानित

रायपुर : रायपुर के जोरा स्थित इंटरनेशनल टेनिस स्टेडियम में आयोजित गोंडवाना कप ऑल इंडिया टेनिस टूर्नामेंट-2026 का समापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में लंबे समय से गोंडवाना कप का आयोजन किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं और नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 20 राज्यों के 120 खिलाड़ियों की भागीदारी इस टूर्नामेंट की सफलता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि खेलों के विकास के लिए नियमित रूप से टूर्नामेंट का आयोजन बेहद आवश्यक है, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। श्री साव ने गोंडवाना कप जैसी प्रतियोगिताओं को निरंतर आयोजित करने पर जोर दिया।

प्रतियोगिता के परिणामों में महिला डबल्स के फाइनल में उत्तर प्रदेश की शताक्षी चौधरी और अनन्या जैन की जोड़ी ने स्निग्धा पाटिबंडला और इरम जैदी को हराकर खिताब जीता। पुरुष डबल्स में महाराष्ट्र के निरव शेट्टी और अनुप बंगार्गी की जोड़ी विजेता रही।

महिला एकल में राजस्थान की आयुषी तनवार ने उत्तर प्रदेश की शताक्षी चौधरी को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि पुरुष एकल में तेलंगाना के नैशिक रेड्डी गनागामा विजेता बने। सभी विजेता खिलाड़ियों को उप मुख्यमंत्री ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एआईटीए के महासचिव अनिल धुपर, स्टेट टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित कई खेल पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 24 से 26 अप्रैल तक श्रीनगर में खेल मंत्रियों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को खेलों में वैश्विक नेतृत्व दिलाने के लक्ष्य के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में योजनाएं बनाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *