जगदलपुर। बिल्हा विकासखण्ड के रहंगी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आयोजित आदान सहायता राशि वितरण समारोह और वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया। बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों के खातों में 494.38 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने जिले के 7 पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण और 82 नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों का खुमरी और नांगर भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ थीम पर आधारित वीडियो का भी विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों के खातों में राशि अंतरित कर उनके सम्मान और समृद्धि को बढ़ाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस बार किसानों को बारदाने की कोई समस्या नहीं हुई और किसानों के खाते समय पर भरे गए। उन्होंने किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, धान की उच्च कीमत और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार जैसे लाभ उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि कृषक उन्नति योजना किसानों के जीवन में सुधार और कृषि में नवाचार लाने के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और जैविक खेती की ओर प्रोत्साहित किया।

वर्चुअल संवाद में जगदलपुर की महिला हितग्राही बसंती कश्यप, कोरबा जिले के सुखन साय और जांजगीर के समर्थ सिंह ने राशि मिलने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और बताया कि उन्होंने इसे होली मनाने, घर बनाने और खेती-किसानी के लिए उपयोग किया।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी कई घोषणाएं कीं। चकरभाटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला में माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन और रहंगी खेल मैदान में बाउंड्री वॉल एवं स्टेज निर्माण की घोषणा की। साथ ही सतनामी और आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50-50 लाख रुपए प्रदान किए।
कार्यक्रम में विधायक, महापौर, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी की सहभागिता से विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के संकल्प को दोहराया।