राज्यपाल रमेन डेका ने किया ‘एक पेड़ मां के नाम’ साझा काव्य संग्रह का विमोचन

रायपुर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण अभियान से प्रेरित साझा काव्य संग्रह ‘एक पेड़ मां के नाम’ का विमोचन आज लोकभवन रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने किया। इस काव्य संग्रह में देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े शिक्षकों एवं साहित्यकारों की रचनाओं को शामिल किया गया है। संग्रह का संपादन शिक्षक सागर कुमार शर्मा द्वारा किया गया है।

विमोचन अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि वर्तमान समय में जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन और पारिस्थितिक असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में साहित्य का यह स्वरूप समाज को प्रकृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि मां की तरह एक पेड़ भी निःस्वार्थ भाव से हमें जीवन, छाया, ऑक्सीजन, फल, फूल, ईंधन और आश्रय प्रदान करता है।

राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि यह काव्य संग्रह पाठकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण व प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार पाठक, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, वरिष्ठ साहित्यकार मीर अली मीर सहित शिक्षक साहित्य परिषद छत्तीसगढ़ के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में साहित्य और पर्यावरण के आपसी संबंध पर भी चर्चा हुई और उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को समय की आवश्यकता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *