दुर्ग: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब पत्रकार संघ दुर्ग द्वारा “शपथ ग्रहण एवं देशप्रेम समारोह — एक शाम देश के नाम” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 24 जनवरी 2026 को पृथ्वी पैलेस, शिवनाथ नदी रोड, दुर्ग में सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं सामाजिक समरसता से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की एक विशेष उपलब्धि यह होगी कि कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों का सम्मान भी किया जाएगा, जिससे समाज में उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को प्रोत्साहन मिल सके।
प्रेस क्लब पत्रकार संघ का यह प्रयास सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम की संयोजिका साजिदा ने बताया कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकारिता, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का साझा मंच है, जहां देशभक्ति के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को सम्मान देने का संदेश दिया जाएगा।
प्रेस क्लब पत्रकार संघ के अध्यक्ष नसीम फारूकी ने कहा कि यह समारोह पत्रकारों को एक सूत्र में बांधने के साथ-साथ राष्ट्रहित, लोकतंत्र और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने जिले के सभी पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
यह आयोजन गणतंत्र दिवस पूर्व जिले के प्रमुख और प्रेरणादायी कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है।