भिलाई। श्रीरामनवमी महोत्सव को लेकर श्रीराम जन्मोत्सव समिति की एक अहम बैठक सेक्टर-9 में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 26 मार्च को आयोजित होने वाले भव्य श्रीरामनवमी पर्व और विशाल शोभायात्रा की रूपरेखा तय की गई। कार्यक्रम में समिति के संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने समिति के दीर्घकालिक सामाजिक-धार्मिक योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बीते लगभग चार दशकों से यह आयोजन जनआस्था, संस्कृति और परंपरा का जीवंत उदाहरण बन चुका है। उन्होंने “एक मुट्ठी दान – श्रीराम के नाम” अभियान को समाज में सहयोग और समर्पण की भावना जागृत करने वाला बताया तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने का आह्वान किया।
पाण्डेय ने भारतीय संस्कृति में प्रकृति पूजा की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्व, नदियाँ, वन, पशु-पक्षी और पर्यावरण के प्रति सम्मान हमारी सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा है। श्रीरामनवमी केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है।

इस अवसर पर समिति के युवा विंग अध्यक्ष एवं भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष पाण्डेय ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, कर्तव्य और आदर्शों की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का आयोजन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भक्ति संध्या से विशेष रूप से सुसज्जित रहेगा। शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा अन्न संग्रह अभियान के माध्यम से महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शोभायात्रा के दौरान पुष्पवर्षा, आकर्षक झांकियां, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचनों का आयोजन होगा। साथ ही श्रीराम चौक दशहरा मैदान में ध्वजवाहकों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

समिति के प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर ने जानकारी दी कि इस वर्ष शोभायात्रा में 1101 मठ-मंदिरों की लघु शोभायात्राएं शामिल होंगी। इनमें बाबा भोलेनाथ, भगवान चतुर्भुजी, माँ बम्लेश्वरी और माँ दंतेश्वरी की शोभायात्राएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विभिन्न क्षेत्रों से प्रारंभ होकर सभी शोभायात्राएं शाम 7 बजे पावर हाउस अंबेडकर चौक पर एकत्र होंगी, जहां से आगे श्रीरामलीला मैदान तक जाएंगी। वहां भव्य धर्मसभा और झांकी प्रदर्शन आयोजित होगा।
कार्यक्रम में पारंपरिक अखाड़े, पंथी नृत्य, राउत नाचा और सजीव झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी। संपूर्ण मार्ग को भव्य सजावट से सजाया जाएगा और नगरवासी शोभायात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत करेंगे।
बैठक में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, जिलाध्यक्ष मदन सेन, महामंत्री बसंत प्रधान सहित अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।