नगर निगम दुर्ग में उड़ा गुलाल, जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने जमकर खेली ‘फूलों की होली’

दुर्ग, 3 मार्च। होली के पावन पर्व के आगमन के साथ ही सोमवार को नगर पालिक निगम दुर्ग का परिसर फाल्गुनी रंगों और भाईचारे के अनूठे संगम का गवाह बना। निगम प्रशासन द्वारा आयोजित होलिका दहन और फूलों की होली कार्यक्रम में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच की दूरियां मिट गईं और सभी ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर पर्व की खुशियां बांटीं।



भजनों की थाप पर झूम उठे महापौर और आयुक्त
कार्यक्रम के दौरान ‘होली खेले रघुवीरा अवध में…’ जैसे लोकप्रिय फाल्गुनी गीतों ने ऐसा समां बांधा कि महापौर अलका बाघमार, निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल और नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी भजनों की धुन पर जमकर नाचे और पूरे परिसर को उत्सव के उल्लास से भर दिया।

भेदभाव भुलाकर एकता का संकल्प
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा, “होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। आज का दिन सभी भेदभाव भुलाकर आपसी भाईचारा बनाए रखने के संकल्प का है। यह देखना सुखद है कि सभी वार्ड पार्षद और कर्मचारी एक साथ मिलकर स्नेह का यह त्योहार मना रहे हैं।”

शांतिपूर्ण होली की अपील
निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन ने कर्मचारियों में नई उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संस्कृति व मनोरंजन प्रभारी हर्षिका संभव जैन, विभिन्न वार्डों के पार्षद और बड़ी संख्या में निगम कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शहरवासियों से होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *