सोशल मीडिया पर हथियार चमकाना पड़ा भारी: होली से पहले दुर्ग पुलिस का ‘स्पेशल ऑपरेशन’, 27 रीलबाज धराए

भिलाई/दुर्ग। आगामी होली त्यौहार को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत पुलिस ने उन 27 लोगों की पहचान कर कार्रवाई की है, जो सोशल मीडिया पर धारदार हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालकर आमजन में दहशत फैला रहे थे।

एसीसीयू और तकनीकी सेल की पैनी नजर

पुलिस की तकनीकी सेल और एसीसीयू (ACCU) ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का सघन विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि कई युवाओं ने ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से धारदार हथियार मंगवाए और उनके साथ आपत्तिजनक पोज देते हुए फोटो अपलोड की थी। पुलिस ने ऐसे 27 व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल एक्शन लिया।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई और समझाइश

पुलिस ने थाना छावनी में 2 व्यक्तियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, अन्य मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई नाबालिग भी पकड़े गए, जिनके पालकों को थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई और बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट से विवादित पोस्ट हटवाए गए।

किस थाने में कितनी कार्रवाई:

  • थाना छावनी: 06 व्यक्ति
  • मोहन नगर: 04 व्यक्ति
  • जामुल: 03 व्यक्ति
  • दुर्ग कोतवाली व भिलाई नगर: 02-02 व्यक्ति
  • सुपेला, नेवई, पुरानी भिलाई, उतई, नंदिनी व धमधा: 01-01 व्यक्ति

-दुर्ग पुलिस की सख्त चेतावनी-

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने, ऑनलाइन मंगाने या उनका प्रदर्शन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। साथ ही ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स को भी संदिग्ध वस्तुओं की आपूर्ति से पहले सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *