(दुर्ग)उतई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। शुक्रवार को एक 5 साल की मासूम बच्ची कुएं के पास बोरे में बंद हालत में मिली। बच्ची का मुंह तकिया कवर से बंधा हुआ था और वह बुरी तरह सहमी हुई थी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रातभर थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया।
घर के बाहर से हुई थी लापता
मिली जानकारी के मुताबिक, मासूम बच्ची शुक्रवार को अपने घर के बाहर से अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन तेज की। इसी बीच गांव के दो युवकों की नजर कुएं के किनारे पड़े एक हिलते हुए बोरे पर पड़ी। शक होने पर जब बोरा खोला गया, तो उसके अंदर मासूम बच्ची को देख सबके होश उड़ गए।
अस्पताल में भर्ती, दुष्कर्म की कोशिश की आशंका
बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची गहरे सदमे में है। पुलिस को अंदेशा है कि बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई है। मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पुलिस ने किया बल प्रयोग
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उतई थाने पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।