अमेरिका में दिल दहला देने वाली घटना: भारतीय मूल के व्यक्ति ने पत्नी समेत 4 लोगों की गोली मारकर हत्या

वाशिंगटन :अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आपसी पारिवारिक तनाव ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। भारतीय मूल के 51 वर्षीय व्यक्ति विजय कुमार ने अपनी पत्नी समेत चार परिजनों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह वारदात शुक्रवार देर रात ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके में हुई। आधी रात के बाद अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के भीतर चार लोगों के शव मिले, जिन पर कई गोलियों के निशान थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसकी पत्नी के बीच पहले अटलांटा स्थित उनके आवास पर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों अपने बच्चे के साथ रिश्तेदारों के घर पहुंचे, जहां बहस ने हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान आरोपी ने हथियार निकालकर पत्नी और अन्य रिश्तेदारों पर गोली चला दी, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

अलमारी में छिपे बच्चों ने बचाई जान

घटना के वक्त घर में मौजूद तीन बच्चों ने हालात की गंभीरता को समझते हुए खुद को एक अलमारी में बंद कर लिया। इन्हीं में से आरोपी का 12 वर्षीय बेटा भी था, जिसने हिम्मत दिखाते हुए वहीं से आपातकालीन नंबर पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। बच्चे की इस सूझबूझ से पुलिस को समय पर सूचना मिली और बड़ी अनहोनी टल गई। तीनों बच्चे सुरक्षित हैं और फिलहाल उन्हें परिजनों की देखरेख में सौंप दिया गया है।

जंगल में छिपा मिला आरोपी

हत्या के बाद आरोपी पैदल ही घटनास्थल से फरार हो गया था। पुलिस ने खोजी कुत्तों की मदद से इलाके में तलाशी अभियान चलाया और कुछ ही घंटों में उसे पास के जंगलनुमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हथियार भी बरामद कर लिया है और मामले को घरेलू हिंसा से जुड़ा गंभीर अपराध मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

इस घटना पर अटलांटा स्थित भारतीय दूतावास ने गहरा दुख जताया है। दूतावास ने बयान जारी कर कहा कि वे पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *