रायपुर VIP रोड पर भीषण सड़क हादसा, ई-रिक्शा चालक का पैर कटकर अलग

रायपुर। राजधानी रायपुर में नए साल के पहले दिन वीआईपी रोड पर एक भयावह सड़क दुर्घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार से आ रही एक बोलेरो वाहन ने पहले एक कार को टक्कर मारी और इसके बाद सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसका एक पैर दुर्घटना में कटकर अलग हो गया।

जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन अत्यधिक तेज गति में थी। चालक के नियंत्रण खोते ही बोलेरो ने सड़क पर चल रही स्विफ्ट डिजायर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो रुकने के बजाय आगे बढ़ गई और सामने से आ रहे ई-रिक्शा से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल ई-रिक्शा चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

दुर्घटना के चलते वीआईपी रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद पुलिस ने मार्ग को दोबारा सुचारु कराया। पुलिस ने तीनों वाहनों को जप्त कर लिया है और बोलेरो चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *