जान पर खेलकर बचाई जिंदगी: सबरी नदी से IAF ने किया साहसिक रेस्क्यू

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में भारतीय वायुसेना ने सोमवार को अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक ग्रामीण की जान बचाई। भारी बारिश के कारण उफनती सबरी नदी में फंसे 48 वर्षीय हिडमा सोडी, ग्राम तालावर्ती को Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर से चलाए गए रेस्क्यू अभियान में सुरक्षित बाहर निकाला गया।

नागरिक प्रशासन से प्राप्त आपातकालीन कॉल पर वायुसेना ने तुरंत मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) मिशन शुरू किया। जगदलपुर से उड़ान भरने वाले हेलीकॉप्टर ने घंटों की खोज के बाद हिडमा सोडी को नदी की तेज धाराओं के बीच झाड़ियों का सहारा लेकर जीवन बचाते पाया। हालात इतने गंभीर थे कि मामूली देरी भी जानलेवा साबित हो सकती थी।

तेज हवाओं और उफान मारती लहरों के बीच पायलटों ने हेलीकॉप्टर को स्थिर रखा और IAF गरुड़ कमांडो को रस्सी के सहारे नीचे उतारा गया। जोखिम भरे हालात में कमांडो ने ग्रामीण को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता पाई।

यह मिशन न केवल भारतीय वायुसेना की बहादुरी और दक्षता का प्रतीक है, बल्कि छत्तीसगढ़ पुलिस, नागरिक प्रशासन और वायुसेना के बीच बेहतर तालमेल का भी उदाहरण है।

भारतीय वायुसेना के इस साहसिक कार्य को पूरा देश सलाम करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *