IND vs SA ODI: रायपुर में वनडे मैच के टिकट आज से बिक्री, एक आईडी पर सिर्फ 4 मिलेंगे

रायपुर। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला राजधानी रायपुर में खेला जाएगा, जिसके लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले इस मैच के लिए टिकट बिक्री का काउंटडाउन खत्म हो गया है। टिकटों की ऑनलाइन खरीदारी आज शाम 5 बजे से टिकट जिनी पोर्टल पर शुरू होगी, जबकि ऑफलाइन टिकट 24 नवंबर से बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से जारी किए जाएंगे। टिकट प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड और क्यूआर कोड अनिवार्य रहेगा।

एक आईडी पर चार टिकट की सीमा लागू
टिकटों की कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से प्रति आईडी अधिकतम चार टिकट ही उपलब्ध कराए जाएंगे। कुल 48 हजार टिकट दर्शकों के लिए खोले जा रहे हैं। छात्र 24 नवंबर को सीधे इंडोर स्टेडियम पहुंचकर टिकट खरीद सकेंगे। इसके साथ ही वर्ल्ड डिसेबिलिटी डे के अवसर पर राज्य के दिव्यांग खिलाड़ियों को विशेष रूप से मैच का लाइव अनुभव दिलाने की तैयारी जारी है।

टीमें 1 दिसंबर से रायपुर में
सीरीज का पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 1 दिसंबर को रायपुर पहुंचेंगी। 2 दिसंबर को भारतीय और दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों का अभ्यास सत्र निर्धारित है, जिसके बाद मैच डे पर रोमांच चरम पर पहुंचने की उम्मीद है।

टिकट दरें और प्रीमियम सीटिंग
जनरल स्टैंड्स के टिकट 1500 से 3500 रुपये तक रखे गए हैं। वहीं प्रीमियम श्रेणी में सिल्वर 6000, गोल्ड 8000 और प्लैटिनम 10,000 रुपये में उपलब्ध होंगे। कॉर्पोरेट बॉक्स के लिए 20,000 रुपये का शुल्क तय किया गया है।

दर्शकों के लिए पानी मुफ्त, रेट लिस्ट अनिवार्य
स्टेडियम में दर्शक सुविधा को प्राथमिकता देते हुए 22 नए वाटर फिल्टर स्थापित किए गए हैं। सभी दर्शकों को पीने का पानी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराया जाएगा। फूड वेंडर्स को निर्धारित दर सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ओवररेटिंग पर नियंत्रण रखा जा सके।

रायपुर में होने वाला यह मुकाबला साल के सबसे बड़े क्रिकेट आयोजनों में से एक माना जा रहा है। टिकट बिक्री के साथ ही क्रिकेटप्रेमियों में उत्साह और ज्यादा बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *