भारत ने छठी बार विश्व कप पर किया कब्ज़ा, वैभव ने खेली ऐतिहासिक पारी

नई दिल्ली: भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम किया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस ऐतिहासिक मुकाबले में सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तूफानी 175 रन की पारी ने भारतीय टीम को जीत की राह पर अग्रसर किया।

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 411/9 का विशाल स्कोर बनाया। आरंभ में ही आरोन जॉर्ज के रूप में भारत को पहला झटका लगा, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 142 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी। म्‍हात्रे 53 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ तीसरे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी कर भारत को 251 तक पहुँचाया।

वैभव ने मात्र 80 गेंदों में 15 चौकों और 15 छक्कों की मदद से शानदार 175 रन बनाए। इसके बाद विहान मल्होत्रा और अभिज्ञान कुंडु ने क्रमशः 51 और 40 रन की अहम साझेदारियाँ निभाई। अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान ने नाबाद 37 रन बनाकर भारत को 411/9 तक पहुँचाया। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स मिंटो ने 3 विकेट लिए, जबकि सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट हासिल किए।

जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर आउट हो गई। शुरुआती झटके के बाद बेन डॉकिन्स ने बेन मेयस के साथ 74 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। मेयस 45 रन बनाकर आउट हुए। कैलेब फाल्कनर ने 115 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 छक्के और 9 चौके लगाए, लेकिन उनकी शानदार पारी भी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी।

भारत की तरफ से आरएस अंबरीश ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट झटके। आयुष म्हात्रे को भी एक सफलता मिली। इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी ताकत और दमखम साबित किया, और छठा खिताब अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *