ढाका : बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साल 2026 के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसमें कई बड़ी टीमों के दौरे तय किए गए हैं। इस कार्यक्रम के अनुसार भारतीय क्रिकेट टीम वर्ष 2026 में बांग्लादेश का दौरा करेगी, जहां दोनों देशों के बीच वनडे और टी20 सीरीज खेली जाएगी।
दरअसल, भारत का यह दौरा पहले अगस्त 2025 में प्रस्तावित था, लेकिन बांग्लादेश में उस समय बने राजनीतिक हालात के चलते इसे टाल दिया गया था। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत टीम इंडिया 28 अगस्त 2026 को बांग्लादेश पहुंचेगी। भारत-बांग्लादेश वनडे सीरीज की शुरुआत 1 सितंबर से होगी, जबकि अन्य मुकाबले 3 और 6 सितंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद टी20 सीरीज का आगाज 9 सितंबर से होगा, जिसके मैच 12 और 13 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे।
भारत के अलावा बांग्लादेश साल 2026 में कई अन्य प्रमुख क्रिकेट राष्ट्रों की भी मेजबानी करेगा। पाकिस्तान टीम मार्च में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश पहुंचेगी। वहीं, न्यूजीलैंड अप्रैल में दौरे पर आएगा, जहां दोनों टीमों के बीच वनडे और टी20 मुकाबले खेले जाएंगे।
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत पाकिस्तान मई में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने बांग्लादेश आएगा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम जून में व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए दौरा करेगी, जिसमें वनडे और टी20 मुकाबले शामिल हैं।
भारत के दौरे के बाद बांग्लादेश वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेगा। इसके अलावा, मई 2026 में श्रीलंका ‘ए’ टीम भी बांग्लादेश का दौरा करेगी, जहां चार दिवसीय और एकदिवसीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
यह पूरा कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और इससे बांग्लादेश में क्रिकेट गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।