भारत की बेटियों का जलवा: महिला क्रिकेट टीम बनी विश्व चैंपियन, मुंबई एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

नवी मुंबई | रविवार को महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारत की महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विश्व विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।

एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए थे। टीम के आगमन पर एक रंग की लग्जरी गाड़ियां विशेष रूप से मंगाई गई थीं, जिनमें सबसे आगे की गाड़ी पर तिरंगा लहरा रहा था। भारतीय टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने केक काटकर जश्न की शुरुआत की। उनके साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना और अन्य खिलाड़ी मौजूद थीं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों का बुके देकर स्वागत किया।

विश्व खिताब जीतने के बाद खिलाड़ियों को देशभर से शुभकामनाएं और इनामों की बौछार मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रियों, राज्यों के मुख्यमंत्रियों और पूर्व क्रिकेटरों ने टीम को बधाई दी है। राज्य सरकारें भी अपने खिलाड़ियों को इनाम देने की घोषणा कर रही हैं। मध्यप्रदेश सरकार ने टीम की सदस्य क्रांति गौड़ को ₹1 करोड़ का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 52 रनों से मुकाबला जीत लिया। शेफाली वर्मा ने 87 रन बनाए और 2 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाकर 5 विकेट झटके।

शानदार प्रदर्शन के लिए शेफाली वर्मा को “प्लेयर ऑफ द मैच” और दीप्ति शर्मा को “प्लेयर ऑफ द सीरीज” चुना गया। दीप्ति ने पूरे टूर्नामेंट में 22 विकेट लेने के साथ 215 रन भी बनाए।

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने पहली बार विश्व कप ट्रॉफी जीतकर क्रिकेट इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *