नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारत की अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। क्षेत्र में अस्थिर हालात और सुरक्षा चिंताओं के बीच देश की प्रमुख एयरलाइन IndiGo ने एहतियाती कदम उठाते हुए कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ान संचालन अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है। इस निर्णय से बड़ी संख्या में यात्रियों की विदेश यात्रा योजनाओं पर असर पड़ सकता है।
इन अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानें स्थगित
एयरलाइन ने जानकारी दी है कि त्बिलिसी (जॉर्जिया), अल्माटी (कजाकिस्तान), बाकू (अजरबैजान) और ताशकंद (उज्बेकिस्तान) के लिए संचालित सभी उड़ानें 28 फरवरी 2026 तक निलंबित रहेंगी। IndiGo के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों और फ्लाइट क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी हो गया है।
यात्रियों को मिलेगी राहत
IndiGo ने साफ किया है कि प्रभावित यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए विकल्प दिए जा रहे हैं। इन रूट्स पर टिकट बुक कराने वाले यात्री चाहें तो अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या फिर पूरी टिकट राशि का रिफंड ले सकते हैं। कंपनी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी बुकिंग से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप चेक करते रहें।
हालात पर लगातार निगरानी
एयरलाइन प्रबंधन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और परिचालन से जुड़े फैसलों की समय-समय पर समीक्षा की जा रही है। स्थिति सामान्य होने पर उड़ानों को फिर से शुरू करने को लेकर अपडेट साझा किए जाएंगे। IndiGo ने यात्रियों के सहयोग और समझदारी के लिए आभार जताते हुए दोहराया कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।