कोटा एयरपोर्ट से खुलेगा विकास का आसमान: प्रधानमंत्री मोदी

कोटा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोटा में बनने वाले अत्याधुनिक हवाई अड्डे के शिलान्यास को हाड़ौती क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। लगभग 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक विमान पत्तन कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।

वीडियो संदेश के माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और कोटा में बनने वाला यह हवाई अड्डा आर्थिक, औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। उन्होंने इसे हाड़ौती क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं का द्वार बताते हुए लोगों को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने हाल ही में अपनी अजमेर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में लगातार बड़े विकास कार्य किए जा रहे हैं। अजमेर में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह राजस्थान की तेज प्रगति का प्रमाण है।

उन्होंने नवंबर 2023 की अपनी कोटा यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस समय क्षेत्र की जनता से हवाई अड्डा बनाने का जो वादा किया गया था, वह अब पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी लोगों को हवाई यात्रा के लिए जयपुर या जोधपुर जाना पड़ता है, लेकिन नया हवाई अड्डा बनने के बाद यह असुविधा खत्म हो जाएगी और व्यापारिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी।

प्रधानमंत्री ने कोटा को शिक्षा और ऊर्जा का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि यहां परमाणु, कोयला, गैस और जल स्रोतों से बिजली उत्पादन होता है। नए हवाई अड्डे के बनने से निवेश और व्यापार के अवसर कई गुना बढ़ेंगे।

उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं का भी उल्लेख किया। मथुराधीश मंदिर, गराड़िया महादेव मंदिर और मुकुंदरा हिल्स राष्ट्रीय उद्यान जैसे प्रमुख स्थलों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से देश-विदेश के पर्यटक यहां आएंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने देश में तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में जहां देश में लगभग 70 हवाई अड्डे थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कोटा का यह नया हवाई अड्डा भी पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देगा।

उन्होंने “डबल इंजन” सरकार की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान की मजबूत नींव ही विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *