मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की ओर से सुनेत्रा पवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा पवार शनिवार शाम उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
इस फैसले से पहले बारामती में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुनेत्रा पवार के साथ पार्थ पवार, जय पवार और पारिवारिक रणनीतिकार नरेश अरोड़ा मौजूद रहे। बैठक के दौरान मौजूदा राजनीतिक हालात और नेतृत्व की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसी क्रम में एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं की एक अलग बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई, जिसमें सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल ने हिस्सा लिया। इन नेताओं ने सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति जताते हुए उन्हें उपमुख्यमंत्री पद संभालने का प्रस्ताव दिया।
पार्टी नेतृत्व के आग्रह के बाद सुनेत्रा पवार ने यह जिम्मेदारी स्वीकार कर ली। माना जा रहा है कि उनके शपथ ग्रहण के साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होगा।