भिलाई-3 । मंगलवार शाम भिलाई-3 क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच हुई।
जानकारी के अनुसार बालाजी नगर, खुर्सीपार निवासी जी. श्याम (18 वर्ष) किसी काम से रेलवे ट्रैक क्षेत्र के पास पहुंचा था, तभी अचानक वह हाईवोल्टेज ट्रेन लाइन के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे BSP के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय (JLN अस्पताल) रेफर कर दिया। युवक की स्थिति नाज़ुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे क्षेत्र में हाईवोल्टेज तारों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।