भिलाई | भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के भीतर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 10 बजे संयंत्र के पावर प्लांट-2 के टर्बाइन सेक्शन में अचानक एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में भीषण आग फैल गई। घटना के बाद आसमान में धुएं का काला गुबार दूर-दूर तक देखा गया, जिससे संयंत्र के भीतर और बाहर हड़कंप मच गया।
टर्बाइन में ब्लास्ट के बाद मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टर्बाइन सेक्शन में अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि कुछ ही मिनटों में आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया। उस वक्त ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए पीछे के रास्तों का सहारा लिया। सूचना मिलते ही दमकल की 6 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

7 कर्मचारी घायल, सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 7 बीएसपी कर्मियों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि, 2 बीएसपी कर्मचारी और 3 ठेका श्रमिक मामूली रूप से झुलसे हैं। वहीं 1 कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना है।
सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। हालांकि, प्रबंधन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का अभी इंतजार है।
संयंत्र प्रबंधन और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, टर्बाइन सेक्शन में तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव (Pressure) बढ़ने के कारण ब्लास्ट हुआ होगा। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए जा सकते हैं।
हादसे के बाद पूरे पावर प्लांट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संयंत्र प्रबंधन का कहना है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और फिलहाल स्थिति की निगरानी की जा रही है। बीएसपी के आधिकारिक बयान के बाद ही नुकसान के सही आंकड़ों और घटना की असली वजह का खुलासा हो पाएगा।