दुर्ग | दुर्ग नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 59 हरी नगर में पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर अलका बाघमार ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में जल आपूर्ति, अनावश्यक जल बहाव और वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जल कार्य प्रभारी, पार्षद एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां-जहां सार्वजनिक नलों से पानी की बर्बादी हो रही है, वहां तत्काल टोटी लगाकर जल अपव्यय रोका जाए। साथ ही पानी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र हल करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

महापौर ने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में अब तक पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां पाइपलाइन विस्तार की कार्ययोजना बनाकर शीघ्र अमल किया जाए। उन्होंने अवैध रूप से टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। ऐसे मामलों में पंप जप्त करने, नल कनेक्शन काटने और नियमानुसार जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए गए हैं।

महापौर ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में जल प्रबंधन को लेकर पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए, ताकि शहर के किसी भी वार्ड में जल संकट की स्थिति न बने।
निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे पानी की बर्बादी न करें और जल संरक्षण में सहयोग करें, जिससे सभी को समान रूप से पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जा सके।