दुर्ग, 9 अप्रैल: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और रायपुर नाका से हुडको भिलाई की राह आसान करने के लिए महापौर अलका बाघमार ने बड़ी पहल की है। गुरुवार को महापौर ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव से सौजन्य भेंट की और दुर्ग फ्लाईओवर के नीचे एक नए अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर औपचारिक मांग पत्र सौंपा।
यातायात का संतुलन सुधारने की कवायद
सौंपे गए पत्र में महापौर ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में दुर्ग से भिलाई की ओर जाने वाले फ्लाईओवर के नीचे केवल एक दिशा में ही अंडरब्रिज की सुविधा है। दूसरी ओर, हुडको कॉलोनी की ओर जाने के लिए सीधा मार्ग न होने से नागरिकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि ईंधन की खपत भी बढ़ रही है।
जाम और दुर्घटनाओं से मिलेगी मुक्ति
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को रायपुर नाका पार कर हुडको जाने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए यह मांग की गई है। तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ रहा है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। महापौर ने मंत्री को अवगत कराया कि यदि इस दिशा में अंडरब्रिज का निर्माण होता है, तो शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो जाएगी।
मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने महापौर की मांग पर गंभीरता दिखाते हुए सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है। मुलाकात के दौरान महापौर अलका बाघमार ने दुर्ग शहर के अन्य विकास कार्यों और अधोसंरचना परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। इस परियोजना के स्वीकृत होने से दुर्ग और भिलाई के बीच का सफर काफी आसान हो जाएगा।