MBBS छात्रा और उसके पति ने एक ही फंदे से लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा – “रिश्ते में आ गया था बदलाव

मध्य प्रदेश : बड़वानी जिले के सेंधवा शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक दंपति ने एक ही रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान प्रताप बर्डे और उनकी पत्नी रिंकी बर्डे के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें प्रताप ने पत्नी और सास के बदले हुए व्यवहार को अपनी परेशानी की वजह बताया है।

चार साल पहले हुई थी शादी, बदल गया रिश्ता
थाना प्रभारी बीएस बिसेन के अनुसार, प्रताप और रिंकी किराए के एक मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के कमरे में रहते थे। दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। बुधवार दोपहर जब मकान मालिक ने कई बार आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला देखा, तो उसने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर दोनों के शव एक ही फंदे से लटके मिले।

एमबीबीएस में सिलेक्शन के बाद बिगड़े रिश्ते
जानकारी के मुताबिक, रिंकी का हाल ही में रीवा के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में चयन हुआ था। प्रताप डिलीवरी बॉय का काम करता था और साथ ही उसी बिल्डिंग में चौकीदारी भी करता था। सुसाइड नोट में प्रताप ने लिखा कि उसने पत्नी की पढ़ाई में हर संभव मदद की, लेकिन एमबीबीएस में सिलेक्शन के बाद रिंकी और उसकी मां का व्यवहार उसके प्रति पूरी तरह बदल गया। इस वजह से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगा था।

एक ही रस्सी से ली दोनों ने जान
पुलिस का कहना है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। गुस्से और तनाव के बीच उन्होंने एक ही रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

हत्या का आरोप, तनाव बढ़ा
घटना के बाद प्रताप के परिजनों ने रिंकी के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर एसडीओपी अजय वाघमारे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉक्टर राजेश नरगावे ने मौके पर वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए दोनों परिवारों को समझाया कि यह मामला आत्महत्या का ही है। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *