शिवनाथ को प्रदूषण मुक्त करने की बड़ी पहल: उरला में 129 करोड़ की लागत से बनेगा मेगा ट्रीटमेंट प्लांट

दुर्ग। शहर की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी को गंदगी से बचाने के लिए नगर निगम ने अब तक के सबसे बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। उरला क्षेत्र में 129 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण किया जाएगा, जो शंकर नाला और पुलगांव नाला के दूषित पानी को शुद्ध कर नदी में छोड़ेगा।

महापौर ने किया स्थल निरीक्षण

परियोजना को गति देने के लिए महापौर अलका बाघमार ने उरला स्थित प्रस्तावित निर्माण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा जल्द ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन किया जाना है, इसलिए सीमांकन (मार्किंग) और भूमि सुरक्षा जैसी सभी तैयारियां तत्काल पूर्ण करें।

चेन्नई की कंपनी को मिला वर्क ऑर्डर

लगभग 5 एकड़ में फैलने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। राज्य शासन की मंजूरी के बाद चेन्नई की एक कंपनी को कार्य का वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। नगर निगम प्रशासन इसे शहर के विकास की दिशा में अब तक का सबसे महत्वपूर्ण कदम मान रहा है।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा भूमिपूजन

इस मेगा प्रोजेक्ट के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री व शहर विधायक गजेंद्र यादव, और सभापति श्याम शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस प्लांट के शुरू होने से शिवनाथ नदी में गिरने वाले नालों के गंदे पानी पर पूरी तरह ब्रेक लग जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *