अबू धाबी में आसमान से गिरा मिसाइल का मलबा, मची अफरातफरी, दो की गई जान

अबू धाबी: संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा रोकी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा शहर के एक रिहायशी इलाके में गिर गया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मलबा गिरने से आसपास खड़ी कई गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम ने एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर दिया था। इसके बाद उसका मलबा स्वेइहान स्ट्रीट इलाके में गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि अधिकारियों ने मृतकों और घायलों की राष्ट्रीयता के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है और यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि मिसाइल किस स्थान से दागी गई थी।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

इससे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने भी एक बयान जारी कर देशवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी थी। मंत्रालय के अनुसार, क्षेत्र में सुनाई देने वाली तेज आवाजें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा मिसाइलों को रोकने और लड़ाकू विमानों द्वारा ड्रोन तथा अन्य उड़ने वाले हथियारों को नष्ट करने की कार्रवाई का परिणाम हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। अमेरिका और इजरायल के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान पर खाड़ी देशों को निशाना बनाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी तनाव के कारण क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

सरकारी एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *