भिलाई नगर। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के कथित आपत्तिजनक वायरल वीडियो मामले में सोमवार को नया घटनाक्रम सामने आया। विधायक देवेंद्र यादव खुद भिलाई नगर थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा। इस दौरान उन्होंने जांच की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े किए।
छवि खराब करने की बड़ी साजिश थाना प्रभारी से मुलाकात के दौरान विधायक ने कहा कि यह वीडियो पूरी तरह भ्रामक है और उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने के लिए चुनाव के दौरान सुनियोजित तरीके से वायरल किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में प्रार्थी हैं और उन्होंने खुद ही एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।

सरकार पर साधा निशाना मीडिया से चर्चा करते हुए देवेंद्र यादव ने भाजपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “जब भाजपा के किसी नेता का वीडियो सामने आता है, तो तुरंत सीबीआई जांच बिठा दी जाती है। मैंने खुद विधानसभा में इस मामले की सीबीआई जांच की मांग रखी थी, लेकिन सरकार अब तक मौन है।
आखिर असली दोषियों को बचाने का प्रयास क्यों किया जा रहा है?”पुलिस से की त्वरित कार्रवाई की मांगविधायक ने पुलिस अधिकारियों से मांग की कि वीडियो की सत्यता की जांच जल्द पूरी की जाए और उन चेहरों को बेनकाब किया जाए जिन्होंने इसे सोशल मीडिया पर प्रचारित किया था। उन्होंने कहा कि वे निर्दोष हैं और जांच में हर संभव सहयोग के लिए तैयार हैं, बशर्ते जांच निष्पक्ष और पारदर्शी हो।