भिलाई नगर | भिलाई के जुनवानी क्षेत्र में रानी अवंती बाई सरोवर के समीप प्रस्तावित बार (टीडीएस शाखा) को लेकर स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। शनिवार को आयोजित जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे रहवासियों ने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन से इसकी शिकायत की। जनभावनाओं और क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विधायक सेन ने तत्काल आबकारी विभाग के सचिव को पत्र लिखकर यहाँ बार का लाइसेंस न देने की अनुशंसा की है।
सघन आबादी और संस्थानों का हवाला
विधायक को सौंपे गए ज्ञापन में निवासियों ने बताया कि जिस कॉम्प्लेक्स में बार खोलने की चर्चा है, उसके ग्राउंड फ्लोर पर बैंक संचालित है। यह पूरा इलाका सघन आबादी वाला है और यहाँ प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। इसके अतिरिक्त, समीप ही रानी अवंती बाई सरोवर, धार्मिक स्थल और प्रमुख शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं।

अपराध बढ़ने की आशंका
शिकायतकर्ताओं ने विधायक के समक्ष आशंका जताई कि यदि इस रिहायशी इलाके में बार खुलता है, तो देर रात तक असमाजिक तत्वों का जमावड़ा रहेगा। इससे क्षेत्र की शांति भंग होगी और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा सकता है। लोगों का कहना है कि बार के कारण आसपास के माहौल में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

विधायक ने जताई कड़ी आपत्ति
जनदर्शन में जनहित के इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए विधायक रिकेश सेन ने मौके से ही आबकारी विभाग के आला अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से इस संवेदनशील स्थान पर बार (टीडीएस ब्रांच) का लाइसेंस जारी करना उचित नहीं होगा। विधायक के इस कदम का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है।