नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) द्वारा स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को रिलीज करने के फैसले ने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया था। अब RCB के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबाट ने इस फैसले के पीछे की असली वजह का खुलासा किया है। बोबाट ने बताया कि टीम एक संतुलित गेंदबाजी आक्रमण तैयार करना चाहती थी और इसी कारण यह मुश्किल फैसला लेना पड़ा।
सिराज के फैसले पर RCB की रणनीति
मो बोबाट ने स्पष्ट किया कि टीम का लक्ष्य ऐसा गेंदबाजी यूनिट बनाना था जो अलग-अलग परिस्थितियों में असरदार साबित हो। इसके लिए अनुभवी स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल करने की योजना बनाई गई। उन्होंने कहा कि अगर सिराज को रिटेन किया जाता, तो नीलामी में भुवनेश्वर को हासिल करना बेहद मुश्किल हो जाता।
क्रिकबज से बातचीत में बोबाट ने कहा, “सिराज शायद वो खिलाड़ी थे जिन पर हमने सबसे ज्यादा चर्चा की। भारतीय इंटरनेशनल तेज गेंदबाज आसानी से नहीं मिलते। हमने हर विकल्प पर विचार किया—रिटेन करना, रिलीज करना या राइट टू मैच का इस्तेमाल करना। यह फैसला आसान नहीं था। कई कारकों ने इसमें भूमिका निभाई।”
कैमरून ग्रीन को लेकर भी बड़ा खुलासा
RCB क्रिकेट डायरेक्टर ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि ग्रीन को सिर्फ चोट के कारण रिटेन नहीं किया गया। बोबाट के मुताबिक, “अगर वह फिट होते, तो हम उन्हें लगभग निश्चित रूप से रिटेन करते।”
सात साल बाद सिराज अब गुजरात टाइटंस का हिस्सा
मोहम्मद सिराज सात साल तक RCB का अहम हिस्सा रहे और कई मैचों में टीम के लिए मैच-विनिंग प्रदर्शन किया। लेकिन अब वह IPL 2025 में गुजरात टाइटंस की ओर से नजर आएंगे।
RCB का यह फैसला फैंस के लिए भले ही चौंकाने वाला हो, लेकिन टीम प्रबंधन का मानना है कि इससे उनकी गेंदबाजी और संतुलित और मजबूत होगी।