NCS के माध्यम से देशभर में 3.43 करोड़ से अधिक रोजगार अवसर

नई दिल्ली : सरकार ने संसद में जानकारी दी है कि राष्ट्रीय करियर सेवा (नेशनल करियर सर्विस – NCS) पोर्टल देश में रोजगार और करियर मार्गदर्शन का एक मजबूत प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है। चालू वित्त वर्ष 2025–26 के दौरान अब तक इस पोर्टल पर 78.86 लाख से अधिक नौकरी तलाशने वालों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 12.36 लाख से ज्यादा नियोक्ता भी इससे जुड़ चुके हैं।

राज्यसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने बताया कि इसी अवधि में NCS पोर्टल पर 3.43 करोड़ से अधिक रोजगार रिक्तियां साझा की गई हैं, जिससे युवाओं को बड़े पैमाने पर अवसर मिले हैं।

मंत्री ने यह भी बताया कि NCS परियोजना के तहत राज्यों और विभिन्न संस्थानों के सहयोग से मॉडल करियर सेंटर (MCC) स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार से जुड़ी सेवाएं, मार्गदर्शन और परामर्श उपलब्ध कराना है। अब तक देशभर में 407 मॉडल करियर सेंटर को मंजूरी दी जा चुकी है।

NCS पोर्टल पर करियर मार्गदर्शन को मजबूत करने के लिए एक विशेष व्यवस्था बनाई गई है, जिसके अंतर्गत प्रमाणित करियर काउंसलर युवाओं को सही करियर चुनने में सहायता करते हैं। 20 जनवरी 2026 तक,

  • 1,180 से अधिक करियर काउंसलर पोर्टल से जुड़ चुके हैं
  • और 55 लाख से ज्यादा ऑनलाइन व ऑफलाइन करियर गाइडेंस सत्र आयोजित किए जा चुके हैं
  • इसके अलावा, पोर्टल पर युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए डिजिटल स्किल ट्रेनिंग, स्व-अध्ययन आधारित करियर कोर्स और अन्य कौशल विकास कार्यक्रम भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

NCS को Skill India Digital Hub (SIDH) से भी जोड़ा गया है, ताकि युवाओं को नई स्किल सीखने, मौजूदा स्किल को निखारने और रोजगार व उद्यमिता के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके। इस एकीकरण से कुशल युवाओं को नौकरी के अधिक विकल्प मिल रहे हैं और वे स्किल इंडिया की विभिन्न प्रशिक्षण सेवाओं का लाभ भी उठा पा रहे हैं।

पोर्टल की पहुंच बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर नियमित प्रचार किया जा रहा है। साथ ही, हर महीने NCS ई-न्यूजलेटर जारी किए जाते हैं, जिनमें नई सेवाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी जाती है।

देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित मॉडल करियर सेंटर समय-समय पर कार्यशालाएं, जागरूकता अभियान और ओरिएंटेशन सेशन भी आयोजित करते रहते हैं।

NCS पोर्टल के माध्यम से युवाओं को सरकारी और निजी नौकरियों की जानकारी, ऑनलाइन-ऑफलाइन जॉब फेयर, नौकरी खोज और मिलान सेवाएं, करियर काउंसलिंग, व्यावसायिक मार्गदर्शन और स्किल कोर्स जैसी कई सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *