आस्था के पर्व में मातम: छठ में डूबे 5 मासूम, दो दिन में 11 की मौत

झारखंड | झारखंड में छठ पर्व की आस्था मातम में बदल गई है। राज्य के विभिन्न जिलों में रविवार और सोमवार को कई दर्दनाक हादसे हुए, जिनमें कुल 11 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। सोमवार को अकेले पांच बच्चों की जान जलाशयों में चली गई, जबकि कुछ अन्य लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

हजारीबाग में दो बहनों की डूबकर मौत
हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के बेला गांव में छठ पूजा के दौरान दो नाबालिग बहनें गुनगुन कुमारी (11) और रूपा तिवारी (12) तालाब में नहाते समय डूब गईं। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

गढ़वा में किशोर की नदी में डूबने से मौत
गढ़वा जिले के सदर थाना क्षेत्र के दानरो नदी में 13 वर्षीय राहुल कुमार की जान चली गई। वह दोस्तों के साथ नदी में स्नान कर रहा था, तभी गहरे पानी में फिसल गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सिमडेगा में बाल्टी में डूबी मासूम बच्ची
सिमडेगा जिले के मयंगसोर गांव में ढाई साल की एक बच्ची घर में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिरकर डूब गई। हादसे के वक्त उसकी दादी दूसरे कमरे में थीं। जब वह लौटीं, तो बच्ची को बेहोश हालत में पानी में पाया। परिवार में मातम छा गया।

सुवर्णरेखा नदी में डूबे तीन लोग, एक शव बरामद
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान अर्घ्य देने के बाद 14 वर्षीय आर्यन यादव सुवर्णरेखा नदी के गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया। उसे बचाने के लिए प्रतीक कुमार यादव (19) और संजय सिंह (45) भी नदी में कूद पड़े, लेकिन वे भी बह गए। एनडीआरएफ की टीम ने आर्यन का शव बरामद कर लिया है, जबकि बाकी दोनों की तलाश जारी है।

पलामू में भी किशोर लापता
पलामू जिले के विष्णुपुर गांव में 16 वर्षीय एक किशोर नहर में कूदने के बाद लापता हो गया। रविवार को भी पलामू और सिमडेगा में तीन-तीन लोगों की डूबकर मौत हो चुकी थी।

झारखंड पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें विभिन्न जिलों में रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान पानी वाले इलाकों में सतर्कता बरतें और बच्चों को अकेले न जाने दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *