कल्याण कॉलेज में राष्ट्रीय गणित दिवस,जीव-विज्ञान और कला के छात्रों ने भी,गणित की प्रतियोगिताओं में मारी बाजी

भिलाई | शिक्षाधानी भिलाई के सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की स्मृति में ‘राष्ट्रीय गणित दिवस’ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कॉलेज के गणित विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल गणित के विद्यार्थियों ने, बल्कि कला और जीव-विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

गणित विभाग के अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक डॉ. मयूर पुरी गोस्वामी ने बताया कि इस अवसर पर गणित के अनुप्रयोगों से संबंधित कुल आठ अलग-अलग विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में कुल 85 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 21 विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने श्रीनिवास रामानुजन के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके जीवन में आध्यात्म और गणित का अनूठा संगम था। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को समझाया कि गणित केवल अंकों का खेल नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है। उप प्राचार्य डॉ. लखन चौधरी ने अन्य विषयों में गणित की अनिवार्यता को रेखांकित करते हुए अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा किए।

कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के प्रमुख डॉ. गुणवंत चंद्रोल, समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. के.एन. दिनेश, अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनुराग पाण्डेय और भौतिक शास्त्र विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीलम शुक्ला ने भी छात्रों को प्रेरित किया।कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक प्राध्यापक श्रद्धा साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन वरिष्ठ प्राध्यापक अविनाश तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभाग की सहायक प्राध्यापक चेतना गौर, नेहा सिंह, गीतेश्वरी वर्मा सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *