सुकमा/रायपुर: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों को लेकर बड़ी खबर है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हाल ही में सुकमा जिले स्थित नक्सल पुनर्वास केंद्र पहुंचे और यहां आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से बातचीत की। उनके अचानक दौरे को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि नक्सलियों को लेकर जल्द ही कोई नई पहल या बड़ा ऐलान हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है।
50 नक्सली गिरफ्तार:
कुछ दिन पहले आंध्र प्रदेश पुलिस की कार्रवाई में बस्तर और आसपास के कई जिलों से 50 नक्सली गिरफ्तार किए गए। गिरफ्तार नक्सलियों में SZCM, DVCM और ACM रैंक के सक्रिय नक्सली शामिल थे। इनमें सुकमा जिले के जगरगुंडा, केरलापा और किस्टाराम एरिया कमेटी के लगभग सभी सक्रिय नक्सली भी शामिल हैं।
सुकमा नक्सल मुक्त?
गिरफ्तार किए गए प्रमुख नक्सलियों में जगरगुंडा एरिया कमेटर का कमांडर लखमा और जमीनी स्तर पर सक्रिय मदन्ना उर्फ़ जग्गु दादा शामिल थे। इसके अलावा चर्चित एरिया कमांडर सोड़ी मनीला की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। देवा और केसा समेत बाकी जिले के लगभग सभी सक्रिय नक्सलियों की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा है कि बस्तर क्षेत्र नक्सल मुक्त हो चुका है।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन और पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है, और यह उम्मीद जताई जा रही है कि सुकमा और बस्तर में स्थिरता व विकास की नई राह खुलेगी।