1 मार्च से लागू होंगे नए नियम: रेल टिकट से लेकर सिम तक बदलेगा सिस्टम

नई दिल्ली, 28 फरवरी — 1 मार्च से देशभर में कई अहम नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग, यूपीआई लेनदेन, सिम बाइंडिंग और रसोई गैस व अन्य ईंधन की कीमतों से जुड़े नियमों में परिवर्तन किए जा रहे हैं। आइए जानते हैं क्या-क्या बदलेगा:

ऑनलाइन टिकट बुकिंग का नियम बदला

1 मार्च से रेल यात्रियों के लिए ऑनलाइन जनरल क्लास और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग का तरीका बदल जाएगा। अब यात्री भारतीय रेल के यूटीएस ऐप के जरिए जनरल या प्लेटफॉर्म टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। इसके लिए अब केवल RailOne मोबाइल ऐप का उपयोग करना होगा। नए नियम के तहत ऑनलाइन अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग इसी ऐप से संभव होगी।

यूपीआई ट्रांजैक्शन होंगे ज्यादा सुरक्षित

डिजिटल भुगतान को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 1 मार्च से बड़े यूपीआई ट्रांजैक्शन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा लागू की जाएगी। अब केवल UPI PIN डालना पर्याप्त नहीं होगा। बड़े अमाउंट के ट्रांसफर के लिए UPI PIN के साथ बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में कमी आएगी।

सिम बाइंडिंग का नया नियम

साइबर फ्रॉड पर रोक लगाने के लिए 1 मार्च से सिम बाइंडिंग सिस्टम लागू किया जाएगा। नए नियमों के तहत WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप सीधे मोबाइल सिम से लिंक रहेंगे। यदि उपयोगकर्ता फोन से सिम कार्ड निकाल देता है, तो ये ऐप तुरंत काम करना बंद कर देंगे और केवल वाई-फाई या हॉटस्पॉट के जरिए इन्हें उपयोग नहीं किया जा सकेगा।

एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बदलाव संभव

हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 मार्च को भी इन ईंधनों की कीमतों में बढ़ोतरी या कटौती की संभावना है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ सकता है।

इन बदलावों के मद्देनजर लोगों को समय रहते नई व्यवस्थाओं की जानकारी रखना जरूरी है, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *