नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त सजा दी जाएगी।
सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हरियाणा नंबर की हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ, जिसमें कई लोग घायल हुए। इस घटना के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मुंबई में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
‘दिल्ली डिफेंस डायलॉग’ के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा, “मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं जिन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में अपने प्रियजनों को खोया। ईश्वर उन्हें शक्ति और धैर्य दें।” उन्होंने जोर देकर कहा कि जांच एजेंसियां मामले की गहन और शीघ्र जांच कर रही हैं और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के तुरंत बाद एनएसजी कमांडो, पुलिस, एनआईए और फोरेंसिक टीम ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ विस्फोट की सभी सटीक परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
रक्षा मंत्री ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा, “हमारी प्रमुख जांच एजेंसियां पूरी क्षमता से जांच कर रही हैं। दोषियों को सख्त सजा मिलेगी और उन्हें छोड़ने की कोई स्थिति नहीं होगी।”
इस धमाके ने दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है और सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।