50 साल का बसेरा, अब उजाड़ने की तैयारी? बिना व्यवस्थापन सड़क निर्माण पर भड़के रहवासी

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के अंतर्गत स्मृति नगर पेट्रोल पंप से जुनवानी, खम्हरिया होते हुए आई.आई.टी. भिलाई तक बनने वाले प्रस्तावित पहुंच मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर विवाद गहरा गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क के दोनों ओर किए जाने वाले इस चौड़ीकरण से वार्ड क्रमांक 01 के सैकड़ों रहवासी प्रभावित हो रहे हैं। प्रभावितों ने स्पष्ट किया है कि बिना उचित व्यवस्थापन और पुनर्वास के वे अपनी जगह खाली नहीं करेंगे।


50 वर्षों से काबिज हैं परिवार
प्रभावित क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि वे यहाँ पिछले 50 से अधिक वर्षों से निवास कर रहे हैं। जिस समय यह क्षेत्र विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SADA) के अधीन ग्रामीण क्षेत्र में आता था, तब से यहाँ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग अपने छोटे-छोटे आशियाने और दुकानें बनाकर जीवनयापन कर रहे हैं। अब अचानक बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के बेदखली के नोटिस से उनके सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है।

व्यवस्थापन के बाद ही कार्य शुरू करने की मांग
रहवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग (उप संभाग क्रमांक 2, दुर्ग) से मांग की है कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने से पहले नियमानुसार प्रभावितों के व्यवस्थापन की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। लोगों का कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन दशकों से बसे परिवारों को बेघर करना न्यायोचित नहीं है।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग पर मार
वार्ड क्रमांक 01 के रहवासियों ने बताया कि यहाँ रहने वाले अधिकांश लोग दिहाड़ी मजदूर या छोटे दुकानदार हैं। यदि बिना किसी ठोस पुनर्वास नीति के तोड़फोड़ की गई, तो उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इस विषय में हस्तक्षेप कर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उचित कार्रवाई की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *