श्रीरामनवमी पर्व के पावन अवसर पर गाजीपुर नगर में शुक्रवार को भव्य श्रीराम शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में निकाली गई, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
आकर्षक झांकियां रहीं मुख्य केंद्र
शोभायात्रा में विभिन्न जत्थों के साथ भगवान श्रीराम की भव्य झांकियां निकाली गईं। इनमें घोड़े पर सवार रानी लक्ष्मीबाई, रथ पर सवार श्रीराम दरबार तथा ‘धावा’ फिल्म पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

नगर भ्रमण के बाद लंका मैदान में समापन
शोभायात्रा हिंदी बाजार नगर के नखास से प्रारंभ होकर चीतनाथ घाट, टाउन हॉल, लाल दरवाजा, मिश्र बाजार, सकलेनाबाद होते हुए लंका मैदान पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन हुआ।

दर्जनों संगठनों की रही भागीदारी
इस भव्य आयोजन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी, विद्यार्थी परिषद, भारतीय किसान संघ, मजदूर संघ सहित दर्जनों सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने सहभागिता की।
पारंपरिक वेशभूषा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं एवं युवा पारंपरिक परिधान में शामिल हुए। भगवा पगड़ी, हाथों में गदा व त्रिशूल लिए श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा नगर राममय हो उठा।
प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष विपिन श्रीवास्तव, मंत्री बिपिन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, कृष्ण बिहारी राय, संघ प्रचारक प्रभात, सह विभाग प्रचारक प्रेमप्रकाश, जिला संघ संचालक जयप्रकाश सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि व संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्रीरामनवमी के इस भव्य आयोजन ने गाजीपुर नगर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता का अद्भुत संदेश दिया।