नोएडा। महाशिवरात्रि के मौके पर व्रत खोलने के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई हाउसिंग सोसाइटियों में अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। इको विलेज-3, रॉयल कोर्ट और हिमालय प्राइड सोसाइटी में कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने के बाद 40 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। प्रभावितों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
निवासियों के अनुसार, व्रत के दौरान तैयार किए गए भोजन के सेवन के कुछ समय बाद ही लोगों को उल्टी, दस्त, तेज पेट दर्द, चक्कर और सुन्नपन जैसी शिकायतें शुरू हो गईं। इको विलेज-3 में सबसे ज्यादा मामले सामने आए, जहां करीब 30 से अधिक लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। वहीं हिमालय प्राइड सोसाइटी में भी 15 से ज्यादा लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
कुछ परिवारों ने बताया कि एक ही घर के कई सदस्य एक साथ बीमार हुए, जिनमें गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। सभी मरीजों का उपचार आसपास के निजी अस्पतालों में जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुट्टू का आटा स्थानीय बाजार से ऑनलाइन मंगवाया गया था। यह पैकेटबंद न होकर खुला आटा था। आशंका जताई जा रही है कि आटे की गुणवत्ता खराब होने या उसमें मिलावट के कारण फूड प्वाइजनिंग जैसी स्थिति उत्पन्न हुई।
घटना की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दे दी गई है। विभाग द्वारा आटे के नमूने जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पर्याप्त निगरानी नहीं होने से इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में सामूहिक फूड प्वाइजनिंग के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।