भूटान दौरे पर पीएम मोदी ने जताया शेरिंग तोबगे का आभार

भूटान, थिंपू: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने दो दिवसीय भूटान दौरे पर थिंपू पहुंचे, जहाँ उन्हें भूटानी प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने गर्मजोशी और सम्मान के साथ स्वागत किया। इस स्वागत पर पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेरिंग तोबगे का आभार व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने लिखा कि यह दौरा दोनों देशों के बीच मजबूत मैत्री और सहयोग के बंधनों को दर्शाता है। उन्होंने भूटान की यात्रा को भारत-भूटान साझेदारी को और सुदृढ़ करने और ‘पड़ोसी पहले’ नीति को प्रोत्साहित करने का अवसर बताया।

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान दूसरी पुनात्सांगछू जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा, जो भारत और भूटान के बीच ऊर्जा सहयोग की सफलता का प्रतीक है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच साझा प्रगति और समृद्धि के लिए नए कदम उठाए जाएंगे।

शेरिंग तोबगे ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि पूरे भूटान देश की ओर से पीएम मोदी का स्वागत किया गया और भारत-भूटान संबंधों की मजबूती के लिए यह यात्रा महत्वपूर्ण साबित होगी।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और भूटान के संबंध विश्वास, सद्भावना और आपसी सम्मान पर आधारित हैं। यह यात्रा दोनों देशों की मित्रता और सहयोग को नई दिशा देने के साथ आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक साझेदारी को भी मजबूत करेगी।

भूटान दौरे के दौरान पीएम मोदी कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और दोनों देशों के बीच ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और सतत विकास क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *