नई दिल्ली : बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण भारत के दो राज्यों केरल और तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हजारों करोड़ रुपये की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे केरल के एर्नाकुलम पहुंचेंगे, जहां वे लगभग 10,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद शाम करीब 5:45 बजे वे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
एर्नाकुलम में प्रधानमंत्री भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की कोच्चि रिफाइनरी में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बनने वाली पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखेंगे। करीब 400 किलो टन वार्षिक क्षमता वाली यह इकाई पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण और वस्त्र उद्योग में उपयोग होने वाली सामग्री के घरेलू उत्पादन को मजबूत बनाएगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के थलापडी-चेंगला खंड के छह लेन विस्तार और वेंगलम से रामनट्टुकरा तक कोझिकोड बाईपास के छह लेन परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री केरल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी 23 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित शोरनूर जंक्शन, कुट्टिप्पुरम और चंगनाशेरी रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही शोरनूर-निलांबुर रेलवे लाइन के विद्युतीकरण परियोजना का भी उद्घाटन किया जाएगा।
रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री पलक्कड़ और पोल्लाची के बीच नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे केरल और तमिलनाडु के बीच यात्रा और अधिक आसान हो जाएगी।
इसके अलावा केरल के कोल्लम जिले के वेस्ट कल्लाडा में 50 मेगावाट क्षमता वाली फ्लोटिंग सोलर परियोजना की आधारशिला भी रखी जाएगी, जो स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में प्रधानमंत्री भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की सिटी गैस वितरण नेटवर्क परियोजना की शुरुआत करेंगे, जिसकी लागत लगभग 3,680 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के माध्यम से नीलगिरि और इरोड जिलों में लाखों घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस पहुंचाई जाएगी और कई सीएनजी स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे।
इसके साथ ही चेन्नई के मणाली स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के 672 हजार मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाले ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
ग्रामीण संपर्क को बेहतर बनाने के लिए तमिलनाडु में 370 किलोमीटर लंबी 89 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन किया जाएगा और राष्ट्रीय राजमार्ग-81 पर गंगईकोंडा चोलापुरम के पास एक ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला भी रखी जाएगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेनों और एक यात्री ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे तमिलनाडु की रेल संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी।