बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल माध्यम से हुए शामिल

भिलाईशहीद बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भिलाई के कला मंदिर में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस मौके पर आदिवासी समाज के प्रतिभावान बच्चों व समाज के गणमान्य लोगों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दुर्ग सांसद विजय बघेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, छत्तीसगढ़ आदिम जाति विकास विभाग के सोनमणि वोरा, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि और जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह भी मौजूद रहे।

सांसद विजय बघेल ने मुख्यमंत्री के संदेशों का वाचन किया। इसके बाद, जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रूप से शामिल हुए और उन्होंने देशभर के आदिवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने आदिवासियों के उत्थान के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।

कला मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर समाज के प्रतिभावान बच्चों का सम्मान भी किया गया।

बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भगवान बिरसा मुंडा के देश के लिए दिए गए योगदान को याद किया और सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई दी।

इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने आदिवासी पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *