प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में 5300 करोड़ रुपये की 44 शहरी विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

गांधीनगर/अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के दौरे पर राज्य को 5,300 करोड़ रुपये की 44 शहरी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।

प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी कई योजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। अहमदाबाद के असरवा स्थित सिविल अस्पताल में 858 बिस्तरों वाले रैन बसेरे का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही गांधीनगर के सिविल अस्पताल और जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज में भी इसी प्रकार की सुविधाएं शुरू होंगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर आवास व्यवस्था मिल सकेगी।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रानी की वाव (पाटन) में लाइट एंड साउंड शो तथा वडनगर की शर्मिष्ठा झील पर वाटर स्क्रीन प्रोजेक्शन शो का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही बनासकांठा जिले में बलराम महादेव और विश्वेश्वर महादेव मंदिरों से जुड़ी पर्यटन सुविधाओं की आधारशिला रखी जाएगी।

जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 1,780 करोड़ रुपये की दो बड़ी पाइपलाइन परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त अंबाजी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नई पेयजल योजना की नींव रखी जाएगी, जिससे लगभग 1.5 लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री साबरमती नदी तट विस्तार से जुड़ी तीन परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। वहीं अहमदाबाद के वेजलपुर क्षेत्र में जनजातीय छात्रों के लिए निर्मित सरकारी छात्रावास का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को आवास सुविधा मिलेगी।

इन परियोजनाओं से गुजरात में शहरी विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और पेयजल व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *