रसोई गैस की कीमतों में भारी उछाल के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

दुर्ग।, 9 मार्च। केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस की कीमतों में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। 09 मार्च से प्रभावी घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने दुर्ग पटेल चौक पर देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना जताया।

आम जनता पर आर्थिक बोझ

मीडिया से चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस आम जनता की बुनियादी और दैनिक आवश्यकता है। सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार आसमान छू रही है। घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह चरमरा गया है। कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से बाहर खाना-पीना और अन्य सेवाएं भी महंगी हो जाएंगी, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ,भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर,ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, समेत जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विरोध प्रदर्शन में मोर्चा संगठनों, प्रकोष्ठों, विभागों के ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ नगरीय निकायों और पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।

सरकार को चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा। कार्यकर्ताओं ने ‘महंगाई वाली सरकार’ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सहकारिता क्षेत्र के पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में आम जनों ने भी इस विरोध प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *